जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका मुसाबनी स्थित सीआरपीएफ के 193वीं बटालियन कैंप से मलेरिया संक्रमित चार जवानों को शुक्रवार रात करीब 10 बजे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लाया गया. सभी जवानों को पहले मुसाबनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया था, जहां से बेहतर उपचार के लिए उन्हें एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया. (नीचे देखे पूरी खबर)

एमजीएम अस्पताल पहुंचने पर इमरजेंसी विभाग में आवश्यक कागजी प्रक्रिया और प्रारंभिक जांच पूरी करने के बाद चारों जवानों को तत्काल वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया. सूत्रों के अनुसार, अब तक सीआरपीएफ कैंप के 10 जवान मलेरिया से संक्रमित पाए गए हैं. इनमें से एक जवान की सेरेब्रल (ब्रेन) मलेरिया से मौत हो चुकी है. वहीं कुछ जवानों का इलाज अभी जारी है, जबकि कुछ स्वस्थ होकर वापस कैंप लौट चुके हैं. स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन संक्रमित जवानों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.




