जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो गांधी मैदन में स्टेडियम एवं पार्क निर्माण के विरोध में भाजपा नेता अभय सिंह के नेतृत्व में रविवार शाम मशाल जुलूस निकाला गया. इस अवसर पर बोलते हुए अभय सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता द्वारा हिंदुओं की आस्था के पर्व दुर्गापूजा को जान-बूझकर रोकने के प्रयास का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि वर्ष 1964 से गांधी मैदान में दुर्गापूजा होती आ रही है, किन्तु राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता दुर्भाग्य वश स्थानीय वोट बैंक की खातिर जान-बूझकर अब दुर्गा पूजा को रोकने का प्रयास कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)

अभय सिंह ने कहा कि स्टेडियम बनाना है बने, किन्तु दशकों से होती आ रही दुर्गापूजा भी बाधित नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार की तरह ही राज्य में हेमंत सरकार के आने के बाद से ही स्थानीय हिंदुओं की आस्था के साथ खेलवाड़ हो रहा है.अभय सिंह ने कहा कि सिर्फ दुर्गापूजा ही नहीं, बिष्टुपुर में हिंदू पीठ की बगल में विगत दिनों मंत्री की शह पर ही एक कर्बला का निर्माण करा दिया गया, जबकि वहां दूर-दूर तक अल्पसंख्यक समुदाय के लोग नहीं रहते हैं. अभय सिंह ने कहा कि अल्पसंख्यक वर्ग का वोट साधने के लिए बहुसंख्यक समाज पर कुठाराघात बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. उन्होंने पूरे हिंदू समज की ओर से मंत्री बन्ना गुप्ता को गांधी मैदान में स्टेडियम एवं हिंदू पीठ के पास कर्बला की चहारदीवारी का काम जल्द रोकवाने की चेतावनी देते हुए कहा कि आये दिन हुंदुओं को ललकारने की हो रही हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा.




