जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के मानगो जवाहरनगर रोड नंबर 13 बी में बुधवार को एक जर्जर मकान में 30 वर्षीय युवक मोहम्मद जाहिद की सर कूच कर हत्या कर दी गई। पुलिस को अब तक जांच में पता चला है कि जमीन विवाद में यह हत्या हुई है। परिजनों का कहना है कि गुलमोहर अपार्टमेंट के पास जाहिद के बड़े भाई शहजाद खान ने जमीन खरीदी थी। उसी को लेकर तीन चार महीने से विवाद चल रहा था। इसकी जानकारी शहजाद खान ने डीएसपी को दी थी। साथ ही मानगो थाने को भी सूचना दी थी। (नीचे भी पढ़ें और वीडियो देखें)
शहजाद खान के भाई ने बताया कि जाहिद खान अपने भाई शहजाद खान के साथ रोड नंबर 14 में रहता था। वह मंगलवार की रात लगभग 10:00 बजे घर से निकला था। उसको फोन किया गया और घर बुलाया गया। तो बोला कि अभी थोड़ी देर बाद घर आते हैं। थोड़ी देर बाद वह घर पहुंचा था और फिर दूध पीने के बाद घर से निकल गया था। उसे रोड नंबर 13 बी के रहने वाले अरशद और बिट्टू उर्फ मिंटू बुलाने के लिए आए थे। शहजाद को आशंका है कि इन्हीं लोगों ने जाहिद की हत्या करा दी। घटना की जानकारी मिलने पर सिटी एसपी के विजय शंकर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया। (नीचे भी पढ़ें और वीडियो देखें)
सिटी एसपी ने बताया कि पूरे मामले की जांच चल रही है। परिजन अपनी बात बता रहे हैं। जब तक पूरे मामले की जांच ना हो जाए यह कहना मुश्किल है कि हत्या किस लिए की गई। जांच के बाद ही पुलिस किसी नतीजे पर पहुंचेगी। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।






