जमशेदपुर : टाटा स्टील की शत-प्रतिशत सब्सिडियरी वाली कंपनी टाटा स्टील यूआइएसएल (पहले जुस्को) की अधीकृत यूनियन जुस्को श्रमिक यूनियन का चुनाव शुरू हो चुका है. टाटा स्टील यूआइएसएल के जुस्को कार्यालय में इसका चुनाव कराया जा रहा है. 600 से अधिक सदस्यों वाली इस यूनियन के चुनाव को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था. हाईकोर्ट के आदेश के बाद रघुनाथ पांडेय की देखरेख में चुनाव पदाधिकारी सीएस झा के नेतृत्व में गठित कमेटी लगातार चुनाव करा रहे है. लेकिन इस बार मीडिया को इंट्री नहीं दी गयी है. हर चुनाव में पारदर्शिता बरतते हुए यूनियन के चुनाव का कवरेज करने की इजाजत मीडिया को दी जाती थी, लेकिन संदिग्ध हालत में चुनाव में मीडिया की इंट्री रोक दी गयी है. वैसे चुनाव पदाधिकारी यह दावा कर रहे है कि बेहतर तरीके से चुनाव कराया जा रहा है और सारी प्रक्रिया को अपनायी जा रही है. वैसे इस चुनाव में मैनेजमेंट के अधिकारी हावी है. उनकी उपस्थिति दिख रही है. वैसे इसको लेकर यह दर्शाया जा रहा है कि किसी भी हाल में चुनाव पारदर्शी बनाया जा रहा है. वैसे इस चुनाव में यह तय है कि अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय ही होंगे क्योंकि उनके खिलाफ एक ऐसे व्यक्ति को चुनाव मैदान में खड़ा कराया गया है, जो कभी चुनावी मैदान में नहीं रहे है. शाम 4 बजे तक चुनाव कराया जायेगा, उसके बाद शाम 5 बजे से मतगणना होगी. वैसे तीन कमेटी मेंबर के सीट पर निर्विरोध निर्वाचित हो चुके है. कुल 23 में से 20 कमेटी मेंबर के लिए मतदान हो रहा है जबकि पदाधिकारी के लिए भी मतदान हो रहा है.






