जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने कहा है कि नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति को प्राथमिकता देने के बाद अब नगर निगम का अगला बड़ा लक्ष्य स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और जनसुलभ बनाना है. इसी उद्देश्य से नगर निगम क्षेत्र में 3 नए अर्बन हेल्थ सेंटर खोलने की कार्ययोजना तैयार की जा चुकी है जो एक माह के अंदर जनता को समर्पित हो जायेगा. मेयर सुधा गुप्ता ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वर्तमान में संचालित 11 अर्बन हेल्थ सेंटरों को अधिक प्रभावी, व्यवस्थित और जनहितकारी बनाया जाए ताकि प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध हो सकें. उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों की नियमित निगरानी करते हुए निम्न बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया है कि सभी हेल्थ सेंटरों में नियमित एवं उच्च स्तर की साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता हर समय बनी रहे, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की समुचित नियुक्ति एवं नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के लिए टीकाकरण की समुचित व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाए, बुजुर्ग नागरिकों के लिए नियमित हेल्थ चेकअप शिविर एवं स्वास्थ्य जांच की विशेष व्यवस्था की जाए, हेल्थ सेंटर में एंटी रैबीज और स्नेक बाईट की दवा उपलब्ध रखी जाये. (नीचे भी पढ़ें)
मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि स्वस्थ समाज ही विकसित शहर की पहचान है. नगर निगम का प्रयास है कि मानगो का प्रत्येक नागरिक अपने क्षेत्र में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सके. इसके लिए स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ-साथ उनकी गुणवत्ता में भी निरंतर सुधार किया जाएगा. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्ययोजना तैयार कर उसे धरातल पर लागू किया जाए साथ ही “स्वच्छ मानगो, स्वस्थ मानगो और समृद्ध मानगो” के संकल्प के साथ नगर निगम स्वास्थ्य सुविधाओं को नई दिशा देने की दिशा में तेजी से कार्य करेगा.




