
जमशेदपुर : मानगो जवाहर नगर रोड नंबर 4 में गुरुवार की सुबह न केवल गंदे पानी की सप्लाई हुई, बल्कि पानी में जीवित कीड़े भी मिले. इसे लेकर भाजपा नेता विकास सिंह के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने मानगो पेयजल स्वच्छता विभाग के ट्रीटमेंट प्लांट में प्रदर्शन किया. स्थानीय मनोज राय ने भाजपा नेता विकास सिंह को बताया कि सुबह जो पानी की सप्लाई की गई वह काफी गंदा व बदबूदार था. उसमें जीवित कीड़े भी पाये गये. मनोज राय के साथ-साथ अन्य घरों में भी गंदा पानी की ही सप्लाई हुई. स्थानीय लोगों ने पानी को बोतल में भरकर भाजपा नेता विकास सिंह के पास लाया. विकास सिंह ने स्थानीय लोगों के साथ मानगो पेयजल स्वच्छता विभाग के ट्रीटमेंट प्लांट में मौजूदा अधिकारियों को गंदा पानी दिखलाया. साथ ही कार्यपालक अभियंता एवं कनीय अभियंता को दूरभाष पर पूरे मामले की जानकारी दी और बताया कि अगर स्थिति नहीं सुधरी तो मामला उपायुक्त एवं पेयजल स्वच्छता विभाग के सचिव के पास जाएगा. कार्यपालक अभियंता ने विकास सिंह को दूरभाष में बताया कि कहां गड़बड़ी है इसकी उच्च स्तरीय जांच करायी जायेगी और ऐसी शिकायत दोबारा क्षेत्र में न आये इसका भरोसा दिलाया. प्रदर्शन में विकास सिंह, मनोज राय, मनोज गुप्ता, राम प्रवेश शर्मा, विमला देवी, सोनू कुमार, अमन राय, तारकेश्वर सिंह, सोनू दास, सुजय चक्रवर्ती, संदीप शर्मा, राम सिंह कुशवाह व अन्य शामिल थे.












