
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना अंतर्गत कपाली बस्ती में मंगलवार की रात पथराव मामले में शराब माफिया विशाल माहली ने दूसरे शराब माफिया अजय गोप पर मामला दर्ज कराया है. अजय के अलावा विशाल ने सुमित सिंह और छोटू बागती पर भी लाठी-डंडा से मारपीट कर घायल करने और धमकी देने का मामला दर्द कराया है. इधर शिकायत के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है. बता दें कि मंगलवार को दो पक्ष कपाली बस्ती में आपस में भिड़ गए थे. उसी दौरान दोनों पक्ष के बीच पथराव भी हुआ था. सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्होंने पुलिस पर भी पथराव कर दिया था. पुलिस ने मौके से 11 लोगों को पकड़ा था. बुधवार को सभी को जेल भेज दिया था. पुलिस अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.













