जमशेदपुर : मारवाड़ी सम्मेलन की साकची शाखा की आम सभा का चुनाव आगामी 25 फरवरी को आयोजित होगा. चुनाव पदाधिकारी बजरंग लाल अग्रवाल ने सोमवार को चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि मारवाड़ी सम्मेलन की साकची शाखा की हाल ही संपन्न हुई बैठक में बजरंग लाल अग्रवाल (होटल उमंग) को शाखा का चुनाव पदाधिकारी नियुक्त किया गया था. श्री अग्रवाल ने बताया कि मारवाड़ी सम्मेलन साकची शाखा के आगामी अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए 16 फरवरी को संध्या पांच से सात बजे तक नामांकन पत्र प्राप्त किये जा सकेंगे. इसके बाद 17 फरवरी की शाम 4 से 6 बजे के बीच नामांकन पत्र जमा कराये जा सकेंगे. नामांकन पत्रों की जांच के बाद प्रत्याशियों की प्रथम सूची 17 फरवरी को ही प्रकाशित की जायेगी. प्रत्याशी 18 फरवरी को शाम 5 से 6 बजे तक अपने नाम वापस ले सकेंगे, जिसके बाद 19 फरवरी को प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जायेगी. उन्होंने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर आगामी 25 फरवरी को सुबह 11 बजे से संध्या 4 बजे तक मतदान कराया जायेगा. उन्होंने बताया कि नामांकन पत्र प्राप्ति, जमा एवं नाम वापसी प्रक्रिया प्रत्याशी व्यक्तिगत रूप से करेंगे. उन्होंने बताया कि चुनाव में कुल 266 सदस्य; मारवाड़ी सम्मेलन साकची के 242 आजीवन सदस्य एवं 24 साधारण सदस्य ही भाग ले सकेंगे.




