जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो स्थित एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान हुई युवक की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है. इस घटना को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने सोमवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात की और पूरे मामले की जानकारी ली. आजादनगर विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद निसार अहमद के साथ विधायक सरयू राय मानगो रोड नंबर 13 स्थित मृतक रियान आलम के घर पहुंचे, जहां उन्होंने परिजनों से बातचीत कर घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की. परिजनों ने आरोप लगाया कि इलाज में लापरवाही के कारण रियान की जान गई. इस दौरान विधायक ने कहा कि मृतक को कोई गंभीर बीमारी नहीं थी. वह केवल अपेंडिक्स का इलाज कराने नर्सिंग होम गया था, लेकिन इलाज के दौरान कहीं न कहीं गड़बड़ी हुई, जिसके कारण उसकी मौत हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि परिवार की ओर से इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया है. पुलिस से बातचीत में यह बात सामने आई है कि जब भी पुलिस जांच के लिए नर्सिंग होम पहुंचती है, तो वह बंद रहता है और जांच में किसी प्रकार का सहयोग नहीं मिल रहा है. विधायक ने कहा कि उन्होंने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन को जांच के निर्देश देने को कहा है और उपायुक्त से भी मिलकर बात करने का भरोसा दिलाया है ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो सके. उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस मौके पर मृतक के पिता महमूद आलम, भाई साबिर आलम, उनकी माता, मोहम्मद इसरार, फैज सुरखाब, सोनू कव्वाल, मुजीब अनवर, फेंकू भाई समेत कई स्थानीय लोग उपस्थित थे.














