जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो डिमना चौक स्थित एमजीएम अस्पताल में भर्ती मरीजों को डॉक्टर या नर्स को बुलाने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों की सुविधा के लिए सभी वार्डों में कॉलिंग सिस्टम की व्यवस्था की है. इसकी जानकारी देते हुए अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. जुझार मांझी ने बताया कि हर बेड के पास एक स्विच लगाया गया है. मरीज को किसी भी प्रकार की तकलीफ होने पर वह स्विच दबा सकता है, जिसके बाद सिस्टर रूम में घंटी बजेगी। सिस्टर तत्काल मरीज के पास पहुंचेंगी, और आवश्यकता पड़ने पर डॉक्टर को बुलाकर इलाज सुनिश्चित करेंगी. डॉ. मांझी ने बताया कि प्रत्येक वार्ड में एक रजिस्टर भी रखा गया है, जिसमें नर्स और डॉक्टर को अपनी विजिट का उल्लेख करना होगा किस मरीज को कब और किस डॉक्टर ने देखा, यह दर्ज रहेगा. इस व्यवस्था से मरीजों की वह शिकायत समाप्त होगी कि डॉक्टर या नर्स देखने नहीं आते. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, अस्पताल के ओपीडी (आउट पेशेंट डिपार्टमेंट) में भी भीड़ और लंबी कतारों से राहत देने के लिए टोकन सिस्टम लागू किया गया है. अब मरीजों को लाइन में खड़े रहने की आवश्यकता नहीं होगी. ओपीडी के बाहर बैठने की व्यवस्था के साथ मरीजों को टोकन नंबर दिया जाएगा, और नंबर आने पर वे डॉक्टर को दिखा सकेंगे. अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि इस नई प्रणाली से मरीजों और डॉक्टरों दोनों को सुविधा होगी, भीड़भाड़ और अव्यवस्था पर नियंत्रण रहेगा, और अस्पताल की सेवा व्यवस्था अधिक पारदर्शी और मरीज-केन्द्रित बनेगी.











