जमशेदपुर : झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश कोऑर्डिनेटर डॉ परितोष ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं और छात्रों के साथ हुई कथित पुलिस कार्रवाई तथा विपक्ष के नेता राहुल गांधी की गिरफ्तारी की कड़ी आलोचना की है. उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों पर आघात बताते हुए कहा कि देश में अघोषित आपातकाल जैसे हालात पैदा किए जा रहे हैं. डॉ परितोष ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपने अधिकारों की मांग कर रहे छात्रों के साथ किया गया व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण है. उनका आरोप है कि केंद्र सरकार संवाद के बजाय दमन की नीति अपना रही है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के साथ किया गया व्यवहार भी लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है. (नीचे भी पढ़ें)
कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी पार्टी छात्रों के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ी है और छात्रों पर कथित लाठीचार्ज व मुकदमे दर्ज किए जाने का विरोध करती है. उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने तथा प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से छात्रों एवं उनके परिवारों से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की. डॉ परितोष ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और सरकार को छात्रों व युवाओं की आवाज सुननी चाहिए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी.















