
जमशेदपुर : राज्य सरकार की ओर से छठ महापर्व को लेकर संशोधित गाइडलाइन जारी होते ही प्रशासनिक महकमा अलर्ट हो गया है. बुधवार को राज्य के स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री बन्ना गुप्ता ने जमशेदपुर के तमाम प्रशासनिक अधिकारियों, जुस्को एवं एनडीआरएफ के अधिकारियों के साथ बैठक कर लोक आस्था के महापर्व छठ को संपन्न कराने को लेकर कई जरूरी दिशा-निर्देश दिये. मंत्री ने राज्य सरकार को लोक आस्था के इस महापर्व के प्रति गंभीर बताते हुए बताया कि वैश्विक महामारी के बीच यह पर्व कैसे मने इसको लेकर मुख्यमंत्री एवं सभी विभागों के सचिवों के साथ गहन चिंतन के बाद नए सिरे से छठ को लेकर गाइडलाइन जारी की गयी है, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो. वही उन्होंने जिला प्रशासन को कोरोना के लेकर अलर्ट मोड पर रहने की सलाह दी है. उन्होंने आम लोगों से जिला प्रशासन को सहयोग करने की अपील की. साथ ही कोविड-19 के तहत जारी दिशा-निर्देशों का भी सख्ती से पालन हो इसका ख्याल रखने का निर्देश जिले के उपायुक्त को दी. यह बैठक सर्किट हाउस में आयोजित की गई.














