
जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना अंतर्गत पिपला स्थित बेलाजुडी काशीडीह गांव में बन रहे मोटर प्रशिक्षण केंद्र को लेकर हो रहे विरोध को लेकर शनिवार को राज्य के मंत्री चम्पई सोरेन सहित जमशेदपुर के सभी झामुमो विधायक काशीडीह पहुंचे. वहां स्थानीय लोगों के साथ सभी ने बैठक की और मामले से अवगत हुए. वहीं मंत्री चंपई सोरेन ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि झारखंड सरकार आदिवासियों के हितों को ध्यान में रखकर ही कोई भी निर्णय लेगी. हालांकि यह योजना पिछले रघुवर सरकार के कार्यकाल से शुरू हुई है. जहां ग्रामीण लगातार विरोध जता रहे हैं. उधर संवेदक भी ग्रामीणों के भय से काम छोड़कर भाग चुके हैं. यानी साफ है कि यह योजना अब खटाई में जानी है. वहीं मीडिया से बात करते हुए मंत्री चंपई सोरेन ने योजना के चयन को लेकर जांच कराए जाने की बात कही है. कुल मिलाकर यह कहा जा सकता है कि अब इस योजना को फिर से शुरू होने में लंबा वक्त लग सकता है या योजना कहीं अन्यत्र शिफ्ट हो सकता है.







