
जमशेदपुर : पूर्व मंत्री व जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने कहा है कि भारत सरकार का वर्ष 2020-21 का वार्षिक बजट कठिन परिस्थिति में तैयार किया गया एक संतुलित बजट है, जिसमें अर्थव्यवस्था के विकास का लाभ मध्यम वर्ग एवं ग्रामीण क्षेत्र को पहुंचाने की कोशिश की गई है. बजट घाटे का ज़रूर है, मगर वर्ष के अंत तक बजट घाटा की भरपाई कर लेने की उम्मीद भी दर्शाई गई है. आधारभूत संरचना क्षेत्र में भारी सरकारी निवेश से अर्थव्यवस्था गतिशील होगी. ग्रामीण क्षेत्र में समृद्धि आयेगी. सरकार ने समृद्ध वर्ग पर कोई नया टैक्स नहीं लगाकर उन्हें आशंका मुक्त किया है. केन्द्रीय करों में राज्यों की हिस्सेदारी 11 प्रतिशत बढ़ाने का लाभ राज्यों को मिलेगा. कुल मिलाकर यह एक संतोषजनक बजट है. वर्तमान परिस्थिति में यह एक संतुलित एवं अग्रगामी बजट है, जिससे अर्थव्यवस्था को फिर से पटरी पर लाने की उम्मीद की जा सकती है. (नीचे भी पढ़ें)

बजट से अर्थव्यवस्था होगी मजबूत : कुणाल षाड़ंगी
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने वित्तीय बजट को अद्भुत व ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि जहाँ एक ओर पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था कोरोना की वैश्विक महामारी से उलझी हुई है, ऐसे समय में एक कुशल नेतृत्व कैसे देश के सभी वर्गों को अपने निर्णायक पहलों के माध्यम से स्वस्थ रखने के साथ साथ आर्थिक चुनौतियों से लड़ने के लिए तैयार कर रहा है, यह पहल बजट में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। श्री षाड़ंगी ने राष्ट्रीय शिक्षा योजना के तहत देश के 15000 से अधिक स्कूलों के मजबूतीकरण के साथ 100 नए सैनिक स्कूल समेत 75 वर्ष से ऊपर के वरिष्ठ नागरिकों के टैक्स माफ करने व अन्य फैसलों का स्वागत किया है. (नीचे भी पढ़ें)

उम्मीदों को पूर्ण करने वाला बजट : गुंजन यादव
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए वित्तीय बजट का भाजपा ने स्वागत करते हुए इसे आमजनों की उम्मीदों को पूर्ण करने वाला बजट बताया है. भाजपा महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने संतुलित बजट बताते हुए कहा कि इस बजट से वैश्विक महामारी कोरोना से पीड़ित आम आदमी एवं देश की अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा. बजट में कई बिंन्दुओं पर देशवासियों को राहत प्रदान की गई है. आने वाले दिनों में बजट के दूरगामी परिणाम देशहित में सामने आएंगे. (नीचे भी पढ़ें)

यह बजट आर्थिक वैक्सीन का बूस्टर डोज : अमरप्रीत सिंह काले
भाजपा नेता अमरप्रीत सिंह काले ने कहा है कि सर्वप्रथम तो आज के बजट के लिए प्रधानमंत्री, केंद्र सरकार तथा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जी को बधाई देना चाहूंगा. 2021-22 का ये आम बजट कोरोना काल की चुनौतियों के बावजूद अपेक्षा और उम्मीद से बढ़कर काफी संतुलित बजट के रूप में याद किया जाएगा. इस बजट में सभी वर्गों का ध्यान रखते हुए अर्थव्यवस्था को गति प्रदान करने की कोशिश की गई है. इसे देश के आर्थिक वैक्सीन का बूस्टर डोज कहें तो अतिशयोक्ति नहीं होगी. नए स्टार्टअप हों या एमएसएमई सेक्टर सबके लिए बजट में कुछ न कुछ है. नई वाहन स्क्रेपेज पालिसी से स्टील इंडस्ट्री तथा ऑटो इंडस्ट्री को बल मिलेगा. जमशेदपुर का नागरिक होने के नाते भी यह शहरवासियों के लिए विशेष तोहफा है. 75 साल से अधिक के वरिष्ठ नागरिको हेतु आईटी रिटर्न भरने से छूट देकर सरकार ने उन्हें सम्मान दिया है. बजट में अफोर्डेबल हाउसिंग को बढ़ावा देने के लिए भी कदम उठाए गए हैं. गरीब, मजदूर तथा किसान का ये बजट उनकी आय को बढ़ाने में योगदान देगा. विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अनुसंधान, स्वास्थ्य, शिक्षा हर क्षेत्र को ध्यान में रखने वाला यह बजट देश के आर्थिक रिफार्म की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा. (नीचे भी पढ़ें)

आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूर्ण करने वाला बजट : दिनेश कुमार
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा है कि आज पेश किया गया आम बजट ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को पूर्ण करने वाला है. बजट में समाज के सभी वर्गों के लिए कुछ न कुछ खास है. इस ऐतिहासिक बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार. आम बजट 2021 जन कल्याणकारी, देश के पुनर्निर्माण के संकल्प को पूरा करने वाला है. बजट में महिलाओं, गरीब, मध्यम वर्ग, किसान समेत सभी वर्गों का ख्याल रखा गया है. यह अर्थव्यवस्था को तीव्र गति देने व देश के हर नागरिक को आर्थिक रूप से मजबूत करने का कार्य करेगा. स्वास्थ्य बजट में ऐतिहासिक वृद्धि से हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़ा बदलाव आयेगा. (नीचे भी पढ़ें)

आमजनों के आशा अनुरूप बजट : प्रेम झा
भाजपा जिला प्रवक्ता प्रेम झा ने बजट का स्वागत करते हुए कहा कि बजट पूर्ण रूप से आमजनों के आशा अनुरूप है. इस बजट में किसान, गरीब, मध्यम वर्ग, युवा, महिला, बुजुर्ग सभी वर्गों का समान रूप से ख्याल रखा गया है. उज्ज्वला योजना के विस्तार समेत अन्य घोषणाएं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेगा. (नीचे भी पढ़ें)

साहसिक और अच्छा बजट : भरत वसानी
सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स के महामंत्री भरत वसानी ने कहा है कि यह एक साहसिक और अच्छा बजट है. साहसिक इसलिए की विशाल घाटा से डरे बिना वित्त मंत्री ने खर्चा जारी रखा और वो भी गुणवत्तापूर्ण खर्चे. घाटा को घटाने के लिए टैक्स का बोझ नहीं बढ़ाया गया है. जमशेदपुर के लिए सबसे बड़ी घोषणा व्हीकल स्क्रैपेज पालिसी है. कई वर्षो से यह चर्चा में रहा है और हमारी मांग भी रही है. इसका सीधा लाभ जमशेदपुर की दोनों बड़े उद्योग टाटा मोटर्स और टाटा स्टील को होगा. इसकी वजह से क्षेत्र की कई अनुषंगी इकाई को भी लाभ होगा. वैक्सीन पर 35000 करोड़ रुपये खर्च करने की बात है. उम्मीद है कि इससे सभी को वैक्सीन खरीदने का सामर्थ्य प्राप्त होगा. 7 टेक्सटाइल पार्क की घोषणा की गयी है. उम्मीद है कि यह सब झारखण्ड जैसे मजदूरों की पर्याप्त व्यवस्थावाले राज्य में ही खुले. इससे मजदूरों का पालयन भी रुकेगा और उत्पादन भी सस्ता होगा. 18000 करोड़ रुपये शहरी ट्रांसपोर्ट व्यवस्था पर खर्च करने हैं. इसकी भी झारखण्ड जैसे राज्य में सर्वाधिक आवश्यकता है. इस राज्य के किसी भी शहर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट नाम की कोई चीज़ है ही नहीं है. लोगो को अपने वाहनों का भरोसा करना पड़ता है, जिसकी वजह से छोटी गलती की मोटी फाइन देनी पड़ती है और सड़कों पर भारी भीड़ एवं अव्यवस्था बानी रहती है. मैने बजट पूर्व यह कहा था की स्टील तथ अन्य धातु जो उद्योगों में कच्चे माल का काम करता है, उसकी बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाया जाये. आयात शुल्क घटाकर कई छोटे उद्योगों को बड़ी राहत प्रदान की गयी है. कई कानूनों के अनुपालन में सुविधा लायी गयी है, जिससे छोटे व्यापारियों को रहत मिलेगी. (नीचे भी पढ़ें)

अर्थव्यवस्था को दुरुस्त करने की वैक्सीन है बजट : अनिल मोदी
भाजपा के जिला महामंत्री अनिल मोदी नें आज संसद में पेश आम बजट को संतुलित और दूरदर्शी करार दिया है. उन्होनें का की यह सर्व स्पर्श एवं समावेशी बजट है. उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के दौर में सरकार की प्राथमिकता उद्योग व्यापार को पटरी पर लाने के साथ साथ आम आदमी की सामाजिक सुरक्षा को ध्यान में रखना है. बजट में आधारभूत संरचना को मजबूत करने पर जोर दिया गया है. उन्होंने कहा कि 75 वर्ष से ऊपर के लोगों को टैक्स से मुक्ति स्वागत योग्य कदम है. छोटे करदाताओं को विवाद से राहत देने के लिए कर समाधान समिति का प्रस्ताव स्वागत योग्य है. शिक्षा के विकास के लिए हायर एजुकेशन कमीशन के गठन का प्रस्ताव भी उत्साह जनक है. कृषि खरीद में एमएसपी को डेढ़ गुना करने का प्रस्ताव किसानों के लिए फायदेमंद होगा. वर्तमान महामारी के दौर में यह एक ऐसा संतुलित बजट है, जिसमें हर वर्ग का ध्यान रखा गया है. उन्होंने कहा है कि यह बजट अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने की “वैक्सीन” साबित होगा. (नीचे भी पढ़ें)

जरूरतों के हिसाब से बजट संवेदनशील : काली शर्मा
भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी कृष्णा शर्मा (काली शर्मा) ने बजट की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों की जरूरतों के हिसाब से यह बजट संवेदनशील है. यह बजट देश के कई क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव लाएगा. पूंजीगत व्यय, वरिष्ठ नागरिकों (75 वर्ष के ऊपर) को कर में छूट और स्टार्ट अप्स में प्रोत्साहन राशि दिए जाने सहित कुछ अन्य घोषणाओं का स्वागत करते हुए आम बजट की सराहना करते हुए आगे कहा कि इस बजट से भारत के आधारभूत संरचना, कृषि और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बहुत मजबूती मिलेगी. (नीचे भी पढ़ें)

सभी को राहत मिलेगी : पंकज कुमार
मानगो के जवाहरनगर ब्रह्म पथ निवासी पंकज कुमार ने कहा है कि आज केन्द्रीय वित्त मंत्री द्वारा पेश किया गया आम बजट का बहुत ही सराहनीय है. इस बजट से सभी वर्गो के लोगो को बहुत ही राहत मिलेगी. मध्यम वर्ग एवं गरीब तबके के लोगों को इस बजट से आगे बढने का मौका मिलेगा. (नीचे भी पढ़ें)

विकासोन्मुखी बजट : अनुराग ठाकुर
अनुराग ठाकुर ने करोना काल जैसी विस्मय परिस्थितियों में रहते हुए भी संतुलित एवं सभी को ध्यान में रखते हुए बजट पेश करने का काम किया गया. यह एक संतुलित और विकासोन्मुखी बजट है. इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय वित्त मंत्री सीतारमण को बधाई. (नीचे भी पढ़ें)

निजीकरण की ओर ले जा रही सरकार : राकेश साहू
झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव राकेश साहू ने आम बजट को निराशाजनक बताया है. उन्होंने कहा है कि कुल मिलाकर यह कहा जा सकता हैं कि ये साधारण बजट के साथ-साथ बहुत सारे बोझ हमारे ऊपर डाले गए हैं जो नहीं डाले जाने चाहिए थे. सरकार आज जिस रास्ते पर जा रही है, वह सीधा निजीकरण की ओर ले जा रहा है. उन्होंने कहा है कि पूरी दुनिया के साथ-साथ हिंदुस्तान भी कोरोना महामारी की चपेट में आने की वजह से आर्थिक बदहाली में फंस गया है. हमें उम्मीद थी कि असाधारण स्थिति में बजट में असाधारण दिशा सामने रखकर इससे निकलने की कोशिश होगी. कोई असाधारण कदम उठाया जाएगा, लेकिन हताश होना पड़ा. स्थिति तो असाधारण है, लेकिन बजट बेहद साधारण है.





