
जमशेदपुर : जमशेदपुर में बढ़ते पानी की किल्लत को देखते हुए जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने अपने विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए एक पानी का टैंकर गुरुवार को जमशेदपुर अक्षेस (जेएनएसी) को सौंपा है. उन्होंने बताया कि बढ़ती गर्मी के कारण क्षेत्र में पानी की समस्या बनी रहती है. शादी-विवाह और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए लोगों को सप्लाई पानी पर निर्भर रहना पड़ता है. उन्होंने बताया कि पूर्व से भी उनके द्वारा दो टैंकर अपने विधानसभा क्षेत्र के लिए मुहैया कराया गया है, जो क्षेत्र के लोगों के लिए वरदान साबित हो रहा है. एक और टैंकर हो जाने से पेयजल की समस्या काफी हद तक दूर हो सकेगी. विधायक सरयू राय ने गुरुवार को टैंकर को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस मौके पर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी और भाजमो के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे.





