जमशेदपुर : जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने नई दिल्ली स्थित रेल भवन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर चक्रधरपुर रेल मंडल में ट्रेनों की देरी और बढ़ते कंजेशन के गंभीर मुद्दे को प्रमुखता से उठाया. सांसद ने तथ्यात्मक आंकड़ों के साथ स्थिति स्पष्ट की. इसके तहत चक्रधरपुर डिवीजन में प्रतिदिन लगभग 249 मालगाड़ियाँ चल रही हैं, जबकि 25 से 30 यात्री ट्रेनें ही संचालित हो रही हैं. केवल टाटा स्टील से 50 से 60 मालगाड़ियाँ, रुंगटा से 15 से 20, तथा नोवोको विस्टास से 10 से 15 मालगाड़ियां प्रतिदिन संचालित होती हैं. इसके अतिरिक्त गुवा, बड़बिल, जोड़ा आयरन ओर माइंस से आसनसोल, दुर्गापुर, बर्नपुर के लिए भी भी भारी संख्या में मालगाड़ियाँ इसी राजखरसावां सीनी कांड्रा चांडिल रूट से गुजर रही हैं. (नीचे भी पढ़े)
अत्यधिक मालगाड़ियों के दबाव के कारण ट्रैक पर भारी कंजेशन हो रहा है, जिससे यात्री ट्रेनों का संचालन लगातार प्रभावित हो रहा है. समस्याओं के समाधान हेतु मांगें रखी गई. नीमडीह–पटमदा–कटिन बंधुआन होते हुए नई रेल लाइन बिछा कर प्रस्तावित पुरुलिया झारग्राम से जोड़ा जाए ताकि खड़गपुर की ओर जाने वाले मालगाड़ियां टाटा बायपास कर जाए. बिरबांस, सिनी, राजखरसावां, बाराबांबू, चिरुगोड़ा एवं कोकपारा स्टेशनों पर अतिरिक्त लूप लाइन निर्माण, टाटानगर जंक्शन पर प्लेटफॉर्म की संख्या बढ़ाकर 10 करना, आदित्यपुर–सलगाझारी तीसरी लाइन का शीघ्र कमीशनिंग करना, मालगाड़ी एवं यात्री ट्रेनों के बीच संतुलित अनुपात निर्धारित करना, व्यस्त पैसेंजर ट्रेन के समय पर 2 यात्री गाड़ी के बाद 1 मालगाड़ी संचालन फॉर्मूला से तत्काल समाधान करने पर जोर डाला गया. इसके अतिरिक्त टाटानगर से जयपुर, बेंगलुरु (भाया क्योंझर) एवं मुंबई के लिए नई ट्रेनों को चलाने पर रेल मंत्री से आग्रह किया है. साथ ही मकदुमपुर रेल ओवरब्रिज या अंडरब्रिज के निर्माण को भी स्वीकृति मिल चुकी है, जिससे स्थानीय आवागमन को बड़ी राहत मिलेगी. रेल मंत्री ने सभी बिंदुओं पर सकारात्मक आश्वासन दिया. सांसद विद्युत वरण महतो जी ने जमशेदपुर की जनता की ओर से उनका आभार व्यक्त किया.



