जमशेदपुर : जमशेदपुर की सामाजिक संस्था ‘आगाज’ द्वारा दीपावली के पावन अवसर पर छोटा बांकी में बच्चों के बीच खुशियां बांटने के उद्देश्य से एक विशेष ‘दीपोत्सव उपहार वितरण’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व विधायक सह झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी, जिला परिषद सदस्य पिंटू दत्ता, युवा समाजसेवी दमनप्रीत सिंह, आरफीन अशरफ विशेष रूप से उपस्थित रहे. कार्यक्रम के दौरान संस्था ‘आगाज’ की ओर से 50 से ज्यादा बच्चों को दीपावली के उपहार, मिठाइयां और दीये बांटे गए. (नीचे भी पढ़ें)

उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और उनके बीच त्योहार का उत्साह दोगुना हो गया. कुणाल षाड़ंगी ने बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली प्रकाश और खुशियों का त्योहार है. असली त्योहार वही है जो समाज के हर वर्ग, विशेषकर बच्चों के चेहरे पर मुस्कान ला सके. आगाज संस्था लगातार सामाजिक सरोकारों से जुड़कर सराहनीय कार्य कर रही है और आज बच्चों के बीच खुशियां बांटकर उन्होंने इस त्योहार को और अधिक सार्थक बना दिया है. (नीचे भी पढ़ें)

संस्था के संस्थापक अध्यक्ष इंदरजीत सिंह ने बताया कि ‘आगाज’ का हमेशा से यह प्रयास रहा है कि त्योहारों के मौके पर समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों और बच्चों तक खुशियां पहुंचाई जा सकें. इस दीपोत्सव कार्यक्रम का उद्देश्य भी यही था कि हर बच्चा बिना किसी कमी के दीपावली के इस उल्लास को महसूस कर सके. इस अवसर पर पंचायत सदस्य भरतराम लोहरा समाजसेवी आरफीन अशरफ, संस्था के सुमित मिश्रा, आकर्ष नारायण प्रीति गुप्ता, परमिंदर सिंह गोल्डी, आरव सागर, देबू गोप, कंचन महतो आदि उपस्थित रहे.












