
जमशेदपुर : पारडीह चौक से बालीगुमा तक एनएच-33 हाईवे के दुकानदारों ने मानगो जन संघर्ष समिति के बैनर तले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पोस्टकार्ड के माध्यम से त्राहिमाम संदेश भेजा है. साथ ही एनएच-33 की यथाशीघ्र मरम्मत करवाने की मांग की है. दुकानदारो ने कहा है कि एनएच-33 की दुर्दशा सुधरने का नाम नहीं ले रही है. धूल इतनी उड़ रही है कि लोगों का जीना मुहाल हो गया है. बिग बाजार जैसे बड़े प्रतिष्ठान बंद होने के कगार पर हैं. छोटे-मोटे दुकानदारों की माली हालत इतनी खराब हो गई है कि वे भुखमरी के शिकार हो रहे हैं. इस समस्या को लेकर पारडीह चौक से लेकर डिमना चौक तक के अनेक दुकानदारों ने भाजपा नेता विकास सिंह से संपर्क किया और अपनी व्यथा सुनाई. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
दुकानदारों का कहना है कि धूल और जाम के चलते एक भी ग्राहक उनकी दुकान में नहीं आ रहे हैं. एक तो कोविड-19 की मार पड़ रही है. उसके ऊपर से एनएच-33 का मार अब दुकानदार झेल नहीं पा रहे हैं. आर्थिक तंगी ने जीना मुहाल कर दिया है. इसलिए आज दुकानदार गुरुवार को मानगो जन संघर्ष समिति के बैनर तले मानगो पोस्टऑफिस पहुचें, जहां से उन्होंने केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पोस्टकार्ड के माध्यम से विजयदशमी की शुभकामनाओं के साथ ही त्राहिमाम संदेश लिख कर भेजा. इस तरह दुकानदारों की ओर से केंद्रीय परिवहन मंत्री को 1000 से अधिक पोस्टकार्ड भेजने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसकी शुरुआत गुरुवार को हुई.







