
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुबिली पार्क को नियंत्रित तरीके से खोला गया है. लेकिन अब निको पार्क को भी खोला जायेगा, जो जुबिली पार्क में ही अवस्थित है. इस पार्क को भी अब खोलने की तैयारी कर ली गयी है. बुधवार को टाटा स्टील यूआईएसएल (पहले जुस्को) के सीनियर जीएम धनंजय मिश्रा ने अपनी टीम के साथ पार्क का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिया. एम्यूजमेंट पार्क की इंट्री और उसके आसपास कैसे इसका संचालन होगा, इसको लेकर भी तैयारियों का जायजा लिया गया. गौरतलब है कि कोरोना के दूसरे फेज के बाद हालात नियंत्रण में आने के बाद राज्य सरकार द्वारा सभी पार्कों को खोलने का आदेश पहले ही जारी किया जा चुका है. कोरोना के कारण पार्क पिछले 17 मार्च 2020 से बंद था, जिसके कारण कर्मचारियों को भी मुश्किल का सामना करना पड़ रहा था. पार्क खुलने से पार्क से जुड़े करीब 100 कर्मचारियों के बीच भी खुशी का माहौल है. उम्मीद है कि पार्क खुलने से आमलोगों के तनाव को कम करने और उनके जीवन मे थोड़ी खुशियां लाने में हम कुछ योगदान कर पाएंगे. प्रबंधन ने सभी कोरोना गाइडलाइन और प्रोटोकॉल का पालन करते हुए निर्धारित क्षमता से 50 फीसदी क्षमता के साथ पार्क खोलने का निर्देश दिया है. पार्क में आनेवालों से कंपनी ने अनुरोध किया है कि वो कोरोना नियमो का पालन करें, जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य निभाएं तथा पार्क प्रबंधन का सहयोग करें. दूसरी ओर, चिड़ियाघर को लेकर अभी भी अनिश्चितता है. कैसे चिड़ियाघर का संचालन किया जायेगा और कैसे लोगों की इंट्री करायी जायेगी, कैसे उसका संचालन होगा, इसको लेकर भी संशय की स्थिति बनी हुई है. चिड़ियाघर भी 17 मार्च से ही बंद पड़ा हुआ है.



