जमशेदपुर : जमशेदपुर अक्षेस (जेएनएसी) के नगर आयुक्त कृष्ण कुमार के निर्देशानुसार, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) द्वारा भारी बारिश के बीच जमशेदपुर शहर के प्रमुख क्षेत्रों में नो पार्किंग, दुकानदारों की स्वच्छता जिम्मेदारी और यातायात व्यवस्था सुधार को लेकर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया. यह अभियान साकची सर्किल, विशेषकर आई हॉस्पिटल के पास चलाया गया. इसके अलावा साकची एसएनपी एरिया, जहां तीन पहिया वाहनों (ऑटो व ई-रिक्शा) के अवैध ठहराव से यातायात प्रभावित हो रहा था, वहां चलाया गया. नो पार्किंग जोन में खड़े कई ऑटो व ई-रिक्शा को हटाया गया. यातायात बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों पर 30,000 रुपये का कुल जुर्माना लगाया गया. (नीचे भी पढ़ें)
ऑटो चालकों को निर्धारित स्टैंड पर ही खड़ा होने और सवारी बैठाने के निर्देश दिए गए. दुकानदारों को अपनी दुकानों के सामने डस्टबिन रखने, फुटपाथ पर अतिक्रमण न करने और नियमित सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए. इस अभियान में राजस्व पदाधिकारी चंद्रगुप्त अशोक वर्धन, नगर प्रबंधक ज्योति पुंज, रेवेन्यू इंस्पेक्टर प्रकाश टोप्पो समेत अन्य लोग शामिल थे. नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने बताया कि साकची जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था और साफ-सफाई बनाए रखना प्राथमिकता है. जेएनएसी टीम द्वारा नियमित अभियान जारी रहेगा और उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.



