
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जोजोबेड़ा स्थित नुवोको विस्टस कॉर्प लिमिटेड, जिसको लोग जोजोबेड़ा सीमेंट प्लांट के नाम से जानते है, का बोनस समझौता मंगलवार को हो गया. प्रबंधन और जमशेदपुर सीमेंट इंप्लाइज यूनियन के बीच कंपनी के स्थायी कर्मचारियों के लिए सालाना बोनस का समझौता किया गया. फार्मूला के मुताबिक, उत्पादन पर 7 फ़ीसदी, सुरक्षा पर 7 फीसदी और मुनाफा पर 6 फ़ीसदी बोनस का प्रावधान है. पिछले वर्ष के आंकड़े के मुताबिक, सुरक्षा पर 6.28 फीसदी, उत्पादन पर 6.23 फीसदी और मुनाफा पर 5.14 फीसदी बोनस बनता था. इसके मुताबिक कुल 17.65 फ़ीसदी बोनस वर्ष 2019-2020 के लिए कर्मचारियों के लिए बन रहा था. लेकिन कर्मचारियों और यूनियन के प्रयास और सहयोग को देखते हुए यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय के आग्रह पर बोनस को बढ़ाकर 18.5 प्रतिशत किया गया. वर्ष 2019-2020 के लिए जोजोबेड़ा सीमेंट प्लांट के कर्मचारियों को 18.5 फीसदी बोनस का समझौता किया गया. समझौते के मुताबिक कर्मचारियों को न्यूनतम 39392 रुपए और अधिकतम 1,61,957 रुपए बोनस के रूप में मिलेंगे. औसत बोनस की राशि 1,10,883 रुपए होगी. समझौते पत्र पर प्रबंधन की ओर से प्लांट हेड राजू रामचंद्रन, जीएम एचआर विनय दुबे, आईआर हेड राहुल चटर्जी, जीएम फाइनेंस अभिजीत मंडल, अनिल गोस्वामी, माया तिवारी और यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, डिप्टी प्रेसिडेंट विनय त्रिवेदी, उपाध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव, महामंत्री विजय खान, सहायक सचिव राजदीप सिंह, कोषाध्यक्ष पीवीआर मूर्ति, अध्यक्ष के सलाहकार केपी शर्मा, सुनील शुक्ला, संजय सिंह ने हस्ताक्षर किए. इस मौके पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए नुवोको विस्टस एचआर-आइआर के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट संदीप पांडेय, फाइनेंस हेड विनय मिश्रा, अमित अग्रवाल भी बोनस वार्ता में जुड़े और अपने विचारों को रखा. बोनस की राशि अगले 1 सप्ताह में कर्मचारियों के खाते में भेज दी जाएगी.





