
जमशेदपुर : भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के पहल पर नुवुको विस्तास कॉर्प प्रा. लि. (पूर्व में लाफार्ज) द्वारा जिले के ग्रामीणों को ठंड से बचाने के लिए एक हजार कम्बल जिला के सामाजिक सुरक्षा विभाग को प्रदान किया गया। रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम ने नुवुको कम्पनी का कोरोना संक्रमण काल में फूड पैकेट वितरण में सहयोग तथा कम्बल प्रदान करने हेतु आभार प्रकट किया है। उपायुक्त सह अध्यक्ष रेड क्रॉस ने भी नुवुको प्रबंधन की सराहना की है। रेड क्रॉस ने नगर के समाजसेवियों तथा नेत्र शिविर प्रायोजकों के सहयोग से ऑपरेशऩ कराये नेत्र रोगियों को भी अक्टूबर से 5 जनवरी तक एक हजार से अधिक कम्बल प्रदान किया है। (नीचे भी पढ़ें)
दूसरी ओर भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के नेत्र ज्योति महायज्ञ के समापन के पश्चात वर्ष के पहले आयोजन की गर्मजोशी आगामी कार्यक्रमों की तैयारी में अब काम आ रही है। इस वर्ष का पहला रक्तदान शिविर 8 जनवरी को रेड क्रॉस भवन में हाथी ब्राण्ड सरसो तेल का उत्पादन करने वाली आगरा उत्तर प्रदेश की कम्पनी बी. पी. ऑयल मिल्स लि के द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जायेगा, जिसका संयोजन कम्पनी की जमशेदपुर सेल्स डिपो द्वारा किया जायेगा। इस शिविर में 1 अक्टूबर से 8 अक्टूबर के बीच और उसके पहले के रक्तदान करने वाले रक्तदाता रक्तदान कर सकेंगे। रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने रक्तदाताओं और 18 वर्ष को पूरा कर चुके युवाओं से आग्रह किया है कि वे वर्ष की बेहतरीन शुरुआत अपने रक्तदान के साथ करें। उन्होने नियमित रक्तदाताओं से आग्रह किया है कि वे शिविर में रक्तदान कर जरूरतमंदों को समय पर रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करायें।













