जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह निवासी जोगेंद्र कुमार महतो (66) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. उनका शव घर के बाथरूम में रस्सी से लटका पाया गया. घटना शुक्रवार तड़के की है. परिजनों ने घटना की जानकारी परसुडीह पुलिस को दी. सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जोगेंद्र टाटा मोटर्स के रिटायर्ड कर्मी थे. मिली जानकारी के अनुसार जोगेंद्र हर सुबह 3 से 4 बजे के बीच उठकर टहलने के लिए निकलते थे. शुक्रवार को भी वो टहलने के लिए उठे और टहलकर वापस आए. घर आने के बाद वे नहाने के लिए बाथरूम चले गये. काफी देर तक जब वो बाथरूम से बाहर नहीं आए, तो बाथरूम का दरवाजा तोड़ा गया. दरवाजा तोड़ने पर उनका शव लटका पाया गया. उन्होंने आत्महत्या क्यों की इसकी जानकारी परिजन नहीं दे पा रहे हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.







