
जमशेदपुर : जमशेदपुर में बिगड़ती विधि- व्यवस्था और ट्रैफिक पुलिस द्वारा चलाए जा रहे वाहन चेकिंग अभियान में बरती जा रही अनियमितताओं के खिलाफ सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिले के एसएसपी से मुलाकात कर एक मांग पत्र सौंपा. मांग पत्र के माध्यम से चेंबर अध्यक्ष अशोक भालोटिया ने बताया है कि जमशेदपुर शहर में लगातार कानून व्यवस्था गिर रही है. आपराधिक घटनाओं पर नकेल कसने के बजाय ट्रैफिक पुलिस वाहन जांच के नाम पर आम लोगों को परेशान कर रही है. उन्होंने एसएसपी से मामले की गंभीरता को देखते हुए विधि-व्यवस्था को नियंत्रित करने की मांग से संबंधित ज्ञापन दिए जाने की बात कही. वहीं उपाध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने भी ट्रैफिक पुलिस पर आम राहगीरों के साथ दुर्व्यवहार और जबरन जुर्माना वसूलने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि जुर्माना वसूलने के बाद ट्रैफिक पुलिस वाहन चालकों को रसीद भी नहीं दे रही, जिससे भ्रष्टाचार के संकेत मिल रहे हैं. वैसे पिछले एक पखवाड़े से चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज जिले में चल रहे वाहन चेकिंग अभियान के खिलाफ लगातार आपत्ति दर्ज करा रहा है. पिछले दिनों चैंबर के एक पदाधिकारी के पुत्र और ट्रैफिक पुलिस के बीच हुई नोकझोंक के बाद से लगातार चैंबर ट्रैफिक पुलिस की भूमिका पर सवाल उठा रहा है.




