जमशेदपुर : झारखंड के पूर्व सीएम रघुवर दास के भतीजे कमलेश साहू पर रंगदारी मांगने का आरोप लगा है. आरोप लगाया गया है कि घर में घुसकर वह कागजात भी उठा ले गए है. इस मामले में एमजीएम थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गयी है. यह प्राथमिकी मानगो के जयपाल कालोनी की रहने वाली सीमा देवी ने दर्ज कराई है. इस मामले में कमलेश साहू के साथ ही गौरव राय को भी आरोपी बताया गया है. शिकायत में कहा गया है कि 29 मार्च की शाम कमलेश और गौरव उनके घर में घुसे और रंगदारी की मांग करते हुए घर में रखे चेक और जरूरी कागजात अपने साथ ले गए. (नीचे भी पढ़ें)
सीमा देवी के पति विजय सिंह और कमलेश साहू ने रणगांव में एक जमीन में रुपए लगाए हैं. दोनों के बीच जमीन को लेकर विवाद हो गया है. इसी मामले में यह प्राथमिकी दर्ज कराई गयी है. कमलेश साहू ने भी सीमा देवी के पति विजय सिंह पर मारपीट करने और पर्स से रुपए छीनने का आरोप लगाया है. कमलेश साहू का कहना है कि वह किसी काम से विजय के घर गया था. वहां पांच लोगों ने उसके साथ मारपीट की और पर्स से रुपए छीन लिए. पुलिस मंगलवार को मामले की जांच कर रही है.












