जमशेदपुर: जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर-3 स्थित सिब्तैन मस्जिद के पास 1 जून को हुई फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मामले के मुख्य आरोपी मुबारक अंसारी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गयी, जिसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस और एक फायर किया हुआ खोखा बरामद किया गया. पुलिस के अनुसार, इस मामले में मुबारक अंसारी, मोहम्मद शफीक, तनवीर उर्फ इमरान उर्फ खेपा, महताब और तनवीर उर्फ समीर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. कार्रवाई के दौरान 13 जून को तनवीर उर्फ इमरान उर्फ खेपा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था. (नीचे भी पढ़ें)
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के विभिन्न जिलों में लगातार छापेमारी की गयी. दबाव बढ़ने पर मुख्य आरोपी कपाली रहमतनगर निवासी मुबारक अंसारी (24) ने 22 जून 2026 को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया. इसके बाद पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार की जानकारी दी. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हथियार बरामद कर लिया. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस ने बताया कि मुबारक अंसारी के खिलाफ पहले से भी कपाली ओपी (चांडिल) थाना में वर्ष 2024 का एक आपराधिक मामला दर्ज है, जिसमें मारपीट, घर में घुसकर हमला, महिला से संबंधित अपराध और आर्म्स एक्ट की धाराएं शामिल हैं. इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (पटमदा) दयानंद कुमार ने किया. छापेमारी दल में आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार समेत मनीष कुमार रॉय, दीपक ठाकुर, दीपक कुमार रौशन, शैलेंद्र कुमार नायक एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.





