जमशेदपुर: 25 जून, 2026 को सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट विद्यालय ने अपने मेधावी छात्राओं की कड़ी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट उपलब्धियों को सम्मानित करने के लिए एक शानदार ‘पुरस्कार वितरण’ समारोह का आयोजन किया. समारोह के मुख्य अतिथि संत मेरी स्कूल के प्रधानाचार्य फ़ादर वर्णन डिसूज़ा थे. समारोह में स्कूल मैनेजर और प्राइमरी कॉडिनेटर सिस्टर सेरिना, प्रधानाचार्या एम. स्टेफी , सह प्रधानाचार्या सिस्टर अलबिना, प्राइमरी कॉडिनेटर श्रीमती सुप्ति, अध्यापिकाएं, अभिभावकगण एवं पुरस्कृत छात्राएं समारोह में उपस्थित थीं.यह कार्यक्रम छात्राओं के शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेलकूद के क्षेत्रों में किए गए समग्र विकास को प्रदर्शित करने का एक भव्य एव सफल प्रयास था. (नीचे भी पढ़े)

कार्यक्रम का आरंभ द्वीप प्रज्वलन के साथ हुआ. तत्पश्चात छात्राओं के द्वारा ईश्वर की आराधना की गई. विद्यालय की गायन मंडली ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति के द्वारा हरेक का ध्यान आकर्षित किया. इस अवसर पर छात्राओं की शैक्षणिक प्रतिभा तथा विभिन्न क्षेत्रों में छात्राओं के वर्ष भर के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें प्रोत्साहित तथा पुरस्कृत किया गया. प्रधानाचार्या सिस्टर एम.स्टेफी ने अपने वक्तव्य में विद्यालय की शिक्षिकाओं के अथक प्रयास, अभिभावकों के सहयोग और छात्राओं के दृढ़ संकल्प एवं उनके द्वारा की गई कड़ी मेहनत की सराहना की. उन्होंने पुरस्कृत छात्राओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. (नीचे भी पढ़े)

समारोह का समापन विद्यालय गीत और राष्ट्रगान के द्वारा किया गया. शाम का मुख्य आकर्षण पुरस्कार वितरण समारोह था,जहां छात्रों को पूरे शैक्षणिक वर्ष के दौरान उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया. समारोह का सबसे प्रमुख हिस्सा स्कूल के बोर्ड परीक्षा के होनहार सितारों का अभिनंदन था. शांभवी तिवारी को आईएससी (कक्षा 12वीं) की परीक्षा में 100 फीसदी के पूर्ण स्कोर के साथ राष्ट्रीय टॉपर बनने की अपनी ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए खड़े होकर तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सम्मान मिला. उनके साथ प्रज्ञा सिंह भी इस सम्मान की हकदार बनीं, जिनकी आईसीएसई (कक्षा 10वीं) की परीक्षा में 99 फीसदी अंक हासिल करने के अभूतपूर्व प्रदर्शन के लिए जमकर सराहना की गई.







