
जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने सट्टेबाजों और जुआड़ियों के खिलाफ अपनी बड़ी कार्रवाई की है. इसके तहत जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र से पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है, जो विभिन्न इलाकों से आकर बिष्टुपुर चूनाशाह बाबा मजार के पास स्थित बाजार में जुआ और आइपीएल क्रिकेट को लेकर सट्टेबाजी खेल रहे थे. बिष्टुपुर थाना प्रभारी रणविजय शर्मा के नेतृत्व में डीएसपी सीसीआर अरविंद कुमार के निर्देश पर यह छापामारी की गयी. पुलिस ने वहां आते ही चूनाशाह बाबा के मजार के पास स्थित बाजार के कंहैया प्रसाद के ऑफिस में धावा बोला, जहां कई लोग जुआ और सट्टा खेल रहे थे. इन लोगों को वहां से पकड़ा गया, जहां मालूम चला कि कंहैया प्रसाद साव ही जुआ का अड्डा संचालित करता है और पवन कुमार चौधरी इसका जुआ खेलवाने का नंबर लिखने का काम करता है.
यहां से पुलिस ने जुगसलाई ईदगाह मैदान के पास रहने वाले राजा खान, कदमा शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर एक के रहने वाले धर्मेंद्र यादव, सोनारी नया लाइन का रहने वाला पवन कुमार चौधरी, जुगसलाई गौरीशंकर रोड का रहने वाला जाहिद हुसैन उर्फ मिंटू, बिष्टुपुर के धातकीडीह होल्डिंग नंबर 37 के रहने वाले मोहम्मद सरफराज और सोनारी खूंटाडीह का रहने वाला कंहैया प्रसाद को गिरफ्तार किया. सभी के पास से पुलिस ने 7050 रुपये नगद, छह टिकट, नंबर लिखा हुआ 4 कॉपी, एक पेन और थर्मोकोल का एक बोर्ड, जिस पर डेट और नंबर लिखा हुआ है. इस मामले में जुआ अड्डा का संचालित कंहैया प्रसाद साव को गिरफ्तार किया गया है, जिसके खिलाफ पहले भी जुआ खेलाने के मामले में दो बार एफआइआर हुआ है और पहले भी जेल जा चुका है.

छापामारी करने वालों में डीएसपी अरविंद कुमार और थाना प्रभारी रणविजय शर्मा के अलावा पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार सिंह, राहुल सिंह, मनोज कुमार, हिरालाल कुमार, आरक्षी विनय कुमार और आरक्षी पवन यादव शामिल है. पुलिस को कई और नाम सामने आये है, जो वहां थे, लेकिन भाग निकले थे, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है.







