
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना की पुलिस ने दो देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने इसको लेकर संवाददाता सम्मेलन कर जानकारी दी. इसमें बताया गया कि गुरुवार की रात्री में गुप्त सूचना के आधार पर बर्मामाइंस एनटीटीएफ टेक्निकल इंस्टीच्यूट के पास दो लड़के शशीकान्त गिरी एवं राकेश कुमार सिंह को मोटर साइकिल से भागने के क्रम में अवैध देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया गया. इसके आधार पर बर्मामाइन्स थाना की पुलिस द्वारा तलाशी ली गयी. गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर उनके आवास गोविन्दपुर से जिन्दा कारतूस बरामद किया गया. उनके पास से दो देशी कट्टा, 315 का जिंदा 18 कारतूस, 12 बोर का पांच जिंदा कारतूस, हीरो होंडा स्प्लेंडर को बरामद किया गया है. पकड़े गये लोगों में गोविंदपुर में रहने वाले उत्तर प्रदेश आजमगढ़ के रहने वाले शशिकांत गिरी और गोविंदपुर भोला बगान निवासी राकेश कुमार सिंह शामिल है, जो मूलत: डालटेनगंज के सूदना गांव के रहने वाले है. पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है. अपराधियों को पकड़ने वाली टीम में बर्मामाइंस थाना प्रभारी अजय कुमार, अवर निरीक्षक कौशल कुमार, अवर निरीक्षक राजेंद्र सिंकू, सहायक अवर निरीक्षक राम कुमार उपाध्याय, आरक्षी गोसार बरजो, मुन्नी कुमार, टैंगो मोबाइल के धीरज सिंह, गोविंदर पासवान और स्वराज कुमार शामिल है.




