जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मौके से तीन विधि-विरुद्ध किशोरों को भी निरुद्ध किया है. इनके पास से एक देसी पिस्टल, दो जिंदा गोलियां और दो स्क्रीन टच मोबाइल बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार युवक की पहचान साकची थाना क्षेत्र के गुरुनानक नगर, सोहन सिंह बगान निवासी यश दास (23) के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार 11 अक्टूबर की शाम करीब 7:20 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि बिरसानगर थाना क्षेत्र के लुपुंगडीह फुटबॉल मैदान के पास कुछ युवक हथियारों की खरीद-बिक्री करने वाले हैं. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेश पर नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में नगर पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई. इसके बाद बिरसानगर थाना प्रभारी पांडू सामड समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान छापेमारी के लिए मौके पर पहुंचे. रात करीब 8:30 बजे पुलिस टीम ने फुटबॉल मैदान के पास बैठे एक युवक समेत तीन बालकों को घेराबंदी कर पकड़ लिया. तलाशी के दौरान एक विधि-विरुद्ध किशोर के पास से 7.62 एमएम की एक देसी पिस्टल और दूसरे किशोर के पास से 9 एमएम की दो जिंदा गोलियां बरामद की गईं. (नीचे भी पढ़ें)
सुरक्षा के लिए 30 हजार रुपये में हथियार खरीदने की बात : पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान एक विधि-विरुद्ध किशोर ने अपनी सुरक्षा के लिए यश दास से 30 हजार रुपये में अवैध हथियार खरीदने की बात बताई. इसके बाद पुलिस ने यश दास को अवैध हथियार और गोली की खरीद-बिक्री के आरोप में गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन विधि-विरुद्ध किशोरों को निरुद्ध किया गया. फिलहाल गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है और तीन बालकों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है.





