जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर स्थित बुद्ध विहार में गुरुवार रात एक डुप्लेक्स को लेकर विवाद खड़ा हो गया. जानकारी के अनुसार, यह डुप्लेक्स शशि सिंह नामक महिला के नाम पर है, जो वर्तमान में अपने परिवार के साथ विजय गार्डन में रह रही हैं. इसी बीच पड़ोसियों ने उन्हें फोन कर सूचना दी कि उनके डुप्लेक्स में कोई अन्य व्यक्ति रह रहा है. सूचना मिलते ही शशि सिंह मौके पर पहुंचीं और पाया कि बालमुकुंद नामक व्यक्ति ने डुप्लेक्स पर कब्जा जमा लिया है. इस पर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी. (नीचे भी पढ़ें)
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी सुधीर चौधरी स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. डीएसपी के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डुप्लेक्स को कब्जा मुक्त कराया. इस दौरान इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल भी बना रहा, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में रही. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जाएगी. अवैध कब्जे के प्रयास को लेकर आगे कानूनी कार्रवाई की भी बात कही गई है.




