जमशेदपुर : जमशेदपुर के टाटा स्टील प्लांट परिसर में सुरक्षा टीम ने एक बड़ी चोरी की कोशिश को नाकाम करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. यह घटना शुक्रवार तड़के करीब 1 बजे की बताई जा रही है. सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण संभावित बड़े नुकसान को टाल दिया गया. जानकारी के अनुसार, तीनों आरोपी साकची क्षेत्र स्थित केबल गैलरी के रास्ते प्लांट परिसर में घुस आए थे. गश्त पर तैनात सुरक्षा टीम ने संदिग्ध गतिविधि देख तुरंत उन्हें घेरकर पकड़ लिया. (नीचे भी पढ़ें)
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से करीब 75 किलो तांबे का केबल बरामद किया गया, जिसकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओल्ड सीतारामडेरा निवासी विकाश चिन्ना, बिरसानगर रोड नंबर 7 निवासी दीपक लोहार और केबल टाउन बस्ती रोड नंबर 5 निवासी अविनाश मुखी के रूप में हुई है. पूछताछ में इनके किसी संगठित गिरोह से जुड़े होने की भी आशंका जताई जा रही है. सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि प्लांट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया है तथा हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है. इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा तंत्र की मुस्तैदी को साबित किया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.











