
जमशेदपुर : नाली का निर्माण नहीं होने के कारण गंदे जलजमाव से परेशान बालिगुमा बागान एरिया के लोगों ने शुक्रवार को मानगो नगर निगम कार्यालय में भाजपा नेता विकास सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन किया. बालिगुमा बागान एरिया में नाली का निर्माण नहीं होने के कारण लगभग 50 घरों के लोग गंदे जलजमाव के बीच रहने को मजबूर हैं. बागान एरिया में नाली नहीं बनने के कारण पानी की निकासी नहीं हो रही है, जिससे बस्ती की सड़कें जलमग्न, गंदे पानी से हो गई हैं. बदबू के कारण लोगों का जीना दुश्वार हो गया है. स्थानीय लोगों ने बार-बार नगर निगम में नाली निर्माण कराने के लिए हस्ताक्षर युक्त दिया, लेकिन नगर निगम के द्वारा अभी तक नाली निर्माण संबंधित किसी भी प्रकार की पहल नहीं की गयी. जिससे आक्रोशित स्थानीय लोगों ने भाजपा नेता विकास सिंह के नेतृत्व में मानगो नगर निगम कार्यालय में प्रदर्शन किया. (नीचे भी पढ़ें)

नगर निगम कार्यालय में उपस्थित कार्यपालक पदाधिकारी दीपक सहाय से स्थानीय लोग प्रदर्शन के बाद मिले और अपनी परेशानी बताई. कार्यपालक पदाधिकारी दीपक सहाय ने स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाया कि नगर निगम के अधिकारी बालिगुमा बागान एरिया जाकर समस्या का समाधान करेंगे एवं जल्द ही महीने भर के अंदर नाली का निर्माण करा दिया जाएगा. इस दौरान भाजपा नेता विकास सिंह ने कार्यपालक पदाधिकारी दीपक सहाय से कहा कि आप मौके पर जाकर यथास्थिति से अवगत हो कर समस्या का निदान अभिलंब करवायें. प्रदर्शन में विकास सिंह, नंदु प्रसाद, राहुल कुमार, नीता देवी, ललिता देवी, शोभा देवी, मीता देवी, सुधा देवी, ममता देवी, फूलमती देवी, मंजू रॉय, धनवंत्री देवी, रानी देवी, बिंदु देवी, पिंकी देवी, कांति देवी, बच्ची देवी, रेवी देवी, लक्ष्मी देवी, विकास प्रसाद, सुजीत कुमार, पंकज शर्मा, असित गोराई, राजेंद्र महतो, विनोद पांडेय, अंकित कुमार, मंटू रॉय, पुरुषोत्तम सिंह, मनोज ओझा, राम सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित थे.





