
जमशेदपुर : साउथ बिहार एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर बागबेड़ा के गाड़ाबासा का रहने वाला इंजन मिस्त्री राजेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया है. उसका एक हाथ बुरी तरह चकनाचूर हो गया है. यह घटना सोमवार शाम लगभग 7:00 बजे की है. राजेश कुमार दुर्ग राजेंद्र नगर साउथ बिहार एक्सप्रेस से जमुई जा रहा था. वह टाटानगर रेलवे स्टेशन पर पहुंचा और प्लेटफार्म नंबर दो पर ट्रेन पर सवार हुआ. राजेश कुमार ने बताया कि वह ट्रेन पर चढ़ गया था. लेकिन इसी बीच किसी ने उसे धक्का दे दिया. इसके चलते वह गेट से नीचे गिर गया और एक हाथ उसका बुरी तरह जख्मी हो गया है. एक हाथ की हड्डियां टूट गई हैं. हादसा होते ही स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई. स्टेशन मास्टर ने जीआरपी को इसकी सूचना दी. जीआरपी ने राजेश कुमार को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया है.



