जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी व राम मनोहर लोहिया सेवा संस्थान का 676वां नेत्र शिविर शनिवार, 18 मार्च से शुरू होगा, जो 20 मार्च को मरीजों की विदाई के साथ संपन्न होगा. (नीचे भी पढ़ें)
रेडक्रॉस सोसाइटी एवं राममनोहर लोहिया सेवा संस्थान के साथ द्रौपदी देवी चिमनलाल भालोटिया फैमिली वेलफेयर ट्रस्ट के संयोजन में 676वां नेत्र शिविर शनिवार से आरंभ होगा. पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह के माता-पिता, स्व कौशल्या देवी एवं धर्मराज सिंह की पुण्यस्मृति में 18 से 20 मार्च तक बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में नेत्र शिविर का आयोजन किया जायेगा. पूर्व में इस नेत्र शिविर को स्थगित किया गया था, किन्तु चिकित्सकों की उपलब्धता होने के कारण इस कैम्प को पुनः करने का निर्णय लिया गया.(नीचे भी पढ़ें)
शनिवार 18 मार्च को नेत्र चिकित्सक मोतियाबिन्द के मरीजों की आंखों की जांच कर ऑपरेशन के लिए उपयुक्त मरीजों को चिह्नित करेंगे. चयनित नेत्र रोगियों का रविवार को राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण किया जायेगा. सोमवार को ऑपरेशन कराये नेत्र रोगियों को विदा किया जायेगा। उपर्युक्त जानकारी रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने दी. उन्होंने नेत्र रोगियों से शिविर में शामिल होकर लाभ उठाने का आग्रह किया है.











