जमशेदपुर : पिछले वर्ष की नियमित गतिविधियों के समापन के साथ ही इस वित्तीय वर्ष के शुरू होने के साथ ही रेड क्रॉस ने अपनी गतिविधियों का वार्षिक प्लान तैयार कर लिया है. इस वित्तीय वर्ष में रेड क्रॉस द्वारा नेत्र ज्योति अभियान में 200 दिन समर्पित करेगी, जिसमें नेत्र रोगियों के लिए 50 जांच सत्र आयोजित करने के साथ ही 50 दिन ऑपरेशन के लिए निर्धारित है. वहीं 100 पोस्ट ऑपरेटिव केयर दिवस का आयोजन भी रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा निर्धारित है. (नीचे भी पढ़ें)

रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम ने इस वर्ष 80 रक्तदान शिविरों के साथ 10 हजार यूनिट रक्तदान के लक्ष्य के साथ ही 300 यूनिट एसडीपी (सिंगल डोनर प्लेटलेट्स) का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने उपर्युक्त जानकारी प्रदान करने के साथ बताया कि रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा ग्रामीण, आदिवासी एवं आदिम जनजातियों के लिए अपने स्वास्थ्य सेवा में इस वर्ष वृद्धि कर 50 स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविरों का आयोजन करेगी. इन शिविरों में दवा एवं चश्मा निःशुल्क प्रदान किया जाएगा, साथ ही मोतियाबिन्द के मरीजों का चयन कर उनका निःशुल्क ऑपरेशन लेंस सहित किया जाएगा. इन सभी के बीच सामाजिक सद्भावना के ताना बाना के साथ होली, दिवाली, ईद, मुहर्रम, दुर्गापूजा विसर्जन, महावीर झंडा जैसे सामाजिक पर्व त्योहार में रेडक्रॉस सोसाइटी की एम्बुलेंस एवं फर्स्ट एड सेवा हमेशा की तरह तत्पर रहेगी. (नीचे भी पढ़ें)

इस वर्ष सामुदायिक फर्स्ट एड ट्रेनिंग पर रेड क्रॉस विशेष ध्यान केन्द्रित करते हुए 500 कार्यकर्ताओं को तैयार करेगा, इसी कड़ी में रेडक्रॉस सोसाइटी पूर्वी सिंहभूम ने निर्णय लिया है कि कोई भी युवा जिनकी आयु 17 से 35 वर्ष के बीच हो, रेडक्रॉस की सदस्यता लेते हैं तो उनके लिए 16 घंटे का फर्स्ट एड ट्रेनिंग मॉड्यूल अनिवार्य होगा और यह नियमित ट्रेनिंग सेशन के साथ चलेगा. इस वर्ष टीबी फ्री इंडिया अभियान के तहत जरूरतमंद मरीजों को पोषण किट का सहयोग भी रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा प्रदान किया जाएगा. रेडक्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम इस वर्ष ब्लड सेंटर की स्थापना के लिए पहल करेगी. रेडक्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव ने बताया कि समय-बेसमय जिला को जिस समय भी मानवसेवी कार्यों के लिए रेडक्रॉस की आवश्यकता होगी, रेडक्रॉस सोसाइटी के सदस्य सक्रियता से अपनी भूमिका निभायेंगे. उन्होंने शहर के लोगों से आग्रह किया कि वे इस अंतरराष्ट्रीय संस्था से जुड़ें एवं मानवता की सेवा के इस अभियान के माध्यम से जरूरतमंदों तक अपनी सेवा पहुंचाएं. उन्होंने बताया कि बीते 50 दिन में रेडक्रॉस ने पंद्रह सौ यूनिट रक्त संग्रह, 200 टीबी मरीजों को पोषण किट, 100 मरीजों का मोतियाबिन्द ऑपरेशन, 100 लोगों को फर्स्ट एड ट्रेनिंग सम्पन्न किया गया है और इसी तरह यह अभियान वर्ष भर जारी रहेगा.











