
जमशेदपुर : भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी पूर्वी सिंहभूम का 675वां नेत्र शिविर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया पेंशनर्स एसोसियेशन के जमशेदपुर यूनिट के संयोजन में 11 से 13 मार्च तक आयोजित किया जायेगा. शनिवार 11 मार्च को नेत्र रोगियों का रजिस्ट्रेशन प्रातः 11 बजे से बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया सेवा संस्थान में किया जायेगा, जहां दोपहर 1.30 बजे जाने नेत्र चिकित्सक एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम द्वारा नेत्र रोगियों के आंखों की जांच की जायेगी तथा मोतियाबिन्द ग्रस्त नेत्र रोगियों का चयन ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण के लिए किया जायेगा. नेत्र रोगियों का ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण रविवार को नेत्र चिकित्सक डॉ. बीपी सिंह, डॉ. भारती शर्मा, डॉ. पूनम सिंह, डॉ. विवेक केडिया एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम द्वारा की जायेगी, सोमवार को सभी ऑपरेशन कराये मरीजों के आंखों की पट्टी खोलकर अंतिम जांच की जायेगी तथा उन्हें आवश्यक चश्मा के साथ डेढ़ महीने की दवा एवं आंखों की देखभाल के सम्बन्ध में जानकारी प्रदान कर विदा किया जायेगा.

रेड क्रॉस का टीबी मरीजों में पोषण सामग्री वितरण 15 मार्च को
प्रधानमंत्री टीबी फ्री इंडिया कार्यक्रम के तहत प्रत्येक महीने की तरह आठवें महीने भी रेड क्रॉस सोसाईटी पूर्वी सिंहभूम द्वारा अपने सहयोगी निक्षय मिश्र के साथ आठवें महीने की पोषण सामग्री टीबी मरीजों के बीच 15 मार्च को रेड क्रॉस भवन में वितरित की जायेगी. इस माह रेड क्रॉस सोसाईटी द्वारा इस जिले में चलाये जा रहे इस अभियान को छगनलाल दयाल जी सन्स द्वारा सीएसआर अभियान के तहत स्व. रसिकलाल छगनलाल आडसेरा के पुण्य स्मृति में टीबी मरीजों के बीच पोषण सामग्री के साथ विटामिन की खुराक प्रदान किया जायेगा. बुधवार 15 मार्च को दोपहर 2 बजे रेड क्रॉस भवन साकची में आयोजित होने वाले इस समारोह में छगनलाल दयाल जी सन्स ज्वेलर्स के संचालक एवं अन्य निक्षय मित्र जो लगातार इस अभियान के सहभागी हैं वे भाग लेंगे. रेड क्रॉस सोसाईटी पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने बताया कि जमशेदपुर में टीबी मरीजों के पोषण सहयोग से केके बिल्डर्स प्रा. लि., दिलीप मोटर्स, एहसिन फाउण्डेशन, महेश अग्रवाल, मारवाड़ी महिला मंच, मोदी चैरिटेबल ट्रस्ट, पुरबी घोष एवं अन्य सामाजिक संस्था जुड़ी हुई है और अब तक सात माह में प्रत्येक माह टीबी मरीजों को रेड क्रॉस भवन से पोषण सहयोग जिला टीबी उन्मूलन केन्द्र से प्राप्त सूची के अनुसार दिया जा रहा है. उन्होंने निबंधित टीबी मरीजों से अपेक्षा किया है कि वे रेड क्रॉस भवन में आकर अपना पोषण सहयोग निर्धारित तिथि व समय के अनुसार प्राप्त कर लें.



