जमशेदपुर : जमशेदपुर के डीसी ऑफिस में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर नन्दकिशोर लाल की अध्यक्षता में गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह के आयोजन को लेकर बैठक आहूत किया गया. अपर उपायुक्त जयदीप तिग्गा, निदेशक एनईपी ज्योत्सना सिंह, डीसीएलआर धालभूम रविन्द्र गागराई, जिला परिवहन पदाधिकारी दिनेश रंजन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार, डीएसपी सीसीआर अनिमेश गुप्ता आदि मौजूद रहे.जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन जमशेदपुर के बिष्टुपुर के गोपाल मैदान में होगा. इस वर्ष परेड में 7 टुकडियों को शामिल करने का निर्णय लिया गया जिनमें 1 टुकड़ी जैप-6, 2 टुकड़ी जिला पुलिस बल. 1 टुकड़ी सहायक पुलिस तथा 1-1 टुकड़ी बालक और बालिका एनसीसी की शामिल है. परेड में बैंड पार्टी के रूप में संत मैरी स्कूल की टीम रहेगी. बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा झांकी निकालने का भी निर्णय लिया गया. बच्चों द्वारा निकाली जाने वाली प्रभात फेरी की अनुमति नहीं दी गई.(नीचे भी पढ़े)
बैठक में उपस्थित सार्जेंट मेजर को परेड में शामिल हो रही सभी टुकड़ियों को परेड पूर्वाभ्यास कराने का निदेश दिया गया. परेड में शामिल टुकड़ियों का पूर्वाभ्यास 21, 22, 23 एवं 24 जनवरी को होगा. 24 जनवरी को ही परेड का फुल ड्रेस रिहर्सल गोपाल मैदान में किया जाएगा जिसका निरीक्षण जमशेदपुर की उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी एवं वरीय आरक्षी अधीक्षक प्रभात कुमार द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा.गोपाल मैदान में मुख्य समारोह के आयोजन संबंधी तैयारियों के लिए आयोजन समिति गठित की गई. समिति में अपर जिला दंडाधिकारी (विधा व्यवस्था), अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी, नजारत उप समाहर्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, महाप्रबंधक जमशेदपुर टाउन सर्विसेज जुस्को, पुलिस उपाधीक्षक विधि व्यवस्था, पुलिस उपाधीक्षक यातायात, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय 1 को मुख्य रूप से शामिल किया गया.(नीचे भी पढ़े)
बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी राजेश पांडेय, जिला कृषि पदाधिकारी मिथिलेश कालिंदी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नेहा संजना खलखो, सभी कार्यपालक दण्डाधिकारी धालभूम अनुमंडल, एलडीएम, जुस्को/टाटा कंपनी के प्रतिनिधि सहित अन्य पदाधिकारी एवं स्टेक होल्डर उपस्थित रहे.











