चाकुलिया : बहरागोड़ा के विधायक समीर महंती ने मंगलवार को सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उनके साथ क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं विकास योजनाओं पर चर्चा की. विधायक ने सीएम को ज्ञापन सौंपकर आगामी 14 मार्च से शुरू हो रही इंटरमीडिएट की परीक्षा होम सेंटर पर कराने की मांग की. विधायक ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंप कर कहा है कि विगत 10 वर्षो से लगातार इंटर की परीक्षा होम सेंटर पर ली जाती रही है, किन्तु इस वर्ष बहरागोड़ा के छात्रों का परीक्षा केंद्र घाटशिला में बना दिया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि इस वर्ष उनके विधानसभा क्षेत्र के प्लस टू विद्यालयों से कुल 2000 परीक्षार्थियों में से 800 छात्राएं हैं. उन्होंने कहा कि होम सेंटर पर परीक्षा न लेकर 50 किलोमीटर दूर घाटशिला में परीक्षा देने जाने में विशेष रूप से छात्राओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा और गरीब विद्यार्थियों पर आर्थिक बोझ भी पड़ेगा. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले आर्थिक रूप से अति पिछड़े विद्यार्थी चाह कर भी घाटशिला में रहकर परीक्षा नहीं दे पायेंगे. विधायक ने सीएम से विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए उनके परीक्षा केंद्र में परिवर्तन कर होम सेंटर दिया जाय. मौके पर कान्हू सामंत, गौतम दास, अभिजीत बाग, बिल्लू मन्ना, राजकुमार पैरा, चिरंजीत बारिक समेत अन्य उपस्थित थे.











