
मुसाबनी : मुसाबनी प्रखंड सभागार में प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-अंचलाधिकारी सीमा कुमारी ने मनरेगा योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर साप्ताहिक समीक्षा बैठक की. पंचायतवार सभी रोजगार सेवक से मनरेगा के वर्तमान में चल रही योजनाओं की समीक्षा की और योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां और दिशा निर्देश दिया. इसके अतिरिक्त मनरेगा अंतर्गत द्वितीय चरण के अभियान में लक्ष्य अनुरूप मानव दिवस सृजन करने और योजनाओं को पूर्ण कर उन्हें बंद करने का निर्देश दिया है. बैठक में दीदी बाड़ी योजना को लेकर पंचायतवार समीक्षा की गई, जिसमें संज्ञान में लाया गया कि जेएसएलपीएस द्वारा गलत आंकड़ा दिया जा रहा है, जिसपर फटकार लगाते हुए दो दिनों के अंदर सही आंकड़ा प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया. ग्राम रोजगार सेवक द्वारा बताया गया दीदी बाड़ी योजना में मनरेगा के तहत गड्ढा खुदाई का कार्य हो चुका है लेकिन अभी तक पौधा उपलब्ध नहीं हो पाने के कारण नहीं लग पाया है. इसपर बीडीओ द्वारा जेएसएलपीएस के प्रतिनिधि पर नाराजगी व्यक्त की. बैठक से जेएसएलपीएस के बीपीएम व ग्राम पंचायत माटीगोड़ा के ग्राम रोजगार सेवक के अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण किया गया. बैठक में बीपीओ, कनीय अभियंता, सहायक अभियंता, ग्राम रोजगार सेवक समेत अन्य उपस्थित थे.







