
घाटशिला : घाटशिला प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार एस अभिनव और अंचलाधिकारी रिंकू कुमार ने सभी कृषक मित्रों, एटीएम, बीटीएम और जनसेवकों को धान अधिप्राप्ति के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिया. बीडीओ ने बताया कि इस वर्ष धान अधिप्राप्ति 15 नवंबर, से संभावित है. इस संबंध में ज्यादा से ज्यादा किसानों को जागरूक करते हुए उनका निबंधन कराना सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि निर्धारित क्रय दर पर लैम्पस में ही धान की बिक्री करें. साधारण धान के लिए रू- 1868/- प्रति क्विंटल एवं ग्रेड ए धान के लिए 1888/- प्रति क्विंटल न्यूनतम समर्थन मूल्य सरकार द्वारा तय किया गया है. पीएम किसान लाभुकों को 100 फीसदी केसीसी से आच्छादित किए जाने के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई. उन्होंने कहा कि वैसे कोई लाभुक जो कि केसीसी का लाभ पहले ले चुके हैं या बैंक डिफॉल्टर है या वर्तमान में लेना नहीं चाहते तो इस संबंध में सभी किसान मित्र इनसे एक प्रमाण पत्र लें लेगें.
सीओ द्वारा उपस्थित सदस्यों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित क्रय दर पर लैम्पस में ही धान की बिक्री के लिए किसानों को प्रेरित करें और इसके लाभ के बारे में बताएं. उन्होंने कहा कि किसानों को किसी बिचौलिये के माध्यम से अपनी उपज का विक्रय निर्धारित मूल्य से कम पर नहीं करने की सलाह दें क्योंकि लैम्पस द्वारा क्रय किये गये अनाज का मूल्य किसानों के बैंक खाते में सीधे हस्तांरित कर दिया जायेगा और सरकार की नीतियों का सीधा लाभ उठा सकेगें. मौके पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी पतित पवन घोष, दिलीप कुमार बारीक, देवेन्द्र महतो, पीयूष मंडल, आशा राम महतो, कौशिक कुमार डे, सुजीव बेसरा, जय नारायण इचागुटू, बबलू सोरेन, नीरज शुक्ला, गंगाधर हांसदा, एटीएम दिलेश्वर महतो, सभी पंचायतों के किसान मित्र सहित अन्य उपस्थित थे.















