जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के नरसिंहगढ़ गांव में कस्तूरीबाई जय हिंद बालिका मध्य विद्यालय की कक्षा 7 के छात्र सागर कालिंदी की सांप काटने से मौत हो गयी. सांप काटने के बाद से ओझा गुणी के चक्कर में परिवार के लोग बच्चे को लेकर घुमते रहे. इसी चक्कर में अस्पताल आने में काफीदेर हो गयी, जिससे बच्चे की मौत हो गयी. धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के नरसिंहगढ़ गांव के कालिंदी बस्ती निवासी दीपक कालिंदी के पुत्र सागर कालिंदी की रात को चित्ती सांप ने काट लिया था. उसकी हालत गंभीर हो गयी तो सोमवार की सुबह परिजन उसको लेकर धालभूमगढ़ स्वास्थ्य् केंद्र पहुंचे. वहां से उसको एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया. परिजन बच्चे को वापस लेकर नरसिंहगढ़ पहंच गये तो आसपास के लोगों ने बताया कि बच्चा अभी जिंदा है. उसको जिंदा किया जा सकता है. वे लोग बच्चे का शव लेकर धालभूमगढ़ प्रखंड के सोनाखून स्थित एक ओझा गुणी के पास लेकर पहुंचे. वहां से उसने कहा कि पश्चिम बंगाल के मिदनापुर में एक ओझा है, जहां वह सांप के जहर को उतारता है. लेकिन जब वे लोग मिदनापुर पहुंचे तो ओझा ने कुछ करने से इनकार कर दिया. इसके बाद एक और ओझा से बातचीत हुई, जिसमें ओझा ने यह दावा किया है कि छह दिन के अंदर बच्चे को स्वस्थ्य कर देंगे, जिसके बाद बच्चे का शव लेकर वे लोग वहीं डटे हुए है.





