जमशेदपुर : जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के जादूगोड़ा मेन रोड पर एक महिला पर उसके पति ने चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया है. उसकी गर्दन पर चाकू से मारने के गहरे जख्म हैं. फिलहाल महिला की हालत गंभीर बनी हुई है. इधर मामले की जांच में जुटी पुलिस मामले के आरोपी महिला के पति सीमांत गोप की तलाश में जोरशोर से जुटी हुई है. घायल महिला के परिजनों ने बताया कि पुन्नति गोप पर शुक्रवार को उसके पति सीमांत ने चाकू से हमला किया और उसे घायल कर फरार हो गया. उस वक्त पुन्नति अपनी 3 महीने की बच्ची को लेकर सड़क पर पैदल ही जा रही थी. तभी सीमांत ने पीछे से उस पर चाकू से वार कर दिया. इससे महिला खून से लथपथ होकर गिर पड़ी. तभी आस-पास के लोग घटना स्थल पर जुट गए. उन्होंने आरोपी सीमांत गोप को पकड़ लिया था, लेकिन बाद में वह किसी तरह मौका पाकर भाग निकलने में सफल रहा.
4 साल पहले किया था प्रेम विवाह
घटना की सूचना मिलने पर पुन्नति के पिता दिनेश गोप घटनास्थल पर पहुंचे. दिनेश गोप ने बताया कि वह मानगो में रहते हैं. उनकी बेटी का 4 साल पहले बागबेड़ा के रहने वाले सीमांत गोप से प्रेम विवाह हुआ था. फिलहाल पति-पत्नी जादूगोड़ा के राखा माइंस में किराए के मकान में रह रहे थे. इधर एमजीएम अस्पताल में घायल पुन्नति का पुलिस ने बयान लेने की कोशिश की. हालांकि वह अभी वह कुछ बोल पाने की स्थिति में नहीं है. पुलिस आगे मामले की जांच कर रही है.






