चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड के लोधाशोली उत्क्रमित उच्च विद्यालय में विगत रात्रि दो जंगली हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया. हाथियों ने रसोई घर के दरवाजे और खिड़की तोड़कर चावल खाए और बच्चों के भोजन करने के बर्तनों को नुकसान पहुंचाया. ग्रामीणों ने हाथियों को भगाने का काफी प्रयास किया परंतु वह सफल नहीं हो पाए. मिली जानकारी के अनुसार विद्यालय का घेरा तोड़कर दोनों हाथी प्रवेश कर रसोई घर के दरवाजे और खिड़की को तोड़ा, कमरे में रखे बर्तनों को नुकसान पहुंचाया. इसके बाद दूसरे कमरे में जाकर दरवाजा तोड़ा और कमरे में रखे करीब छह बोरी चावल को निवाला बनाया.(नीचे भी पढ़े)

साथ ही चावलों को नष्ट कर दिया. आसपास के ग्रामीण वहां जुटे और हाथियों को भगाने का भरपूर प्रयास किया परंतु वे सफल नहीं हो पाए. तीन घंटा तक उपद्रव मचाने के बाद जंगली हाथी जंगल की ओर चले गए. गांव से सटे जंगल में हाथी के शरणागत होने से ग्रामीण काफी भयभीत हैं. ग्रामीणों ने कहा कि वन विभाग हाथियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाएं ताकि किसी को किसी प्रकार का नुकसान ना हो. ग्रामीणों ने कहा कि हाथी दिनभर जंगल में रहते हैं और शाम ढलते ही हाथी गांव में प्रवेश करते हैं और जमकर उत्पात मचाते हैं जिससे ग्रामीण काफी भयभीत हैं.











