
घाटशिला : विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार एस अभिनव, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सुप्रिया शर्मा, प्रखंड प्रमुख हीरामणि मुर्मू, जिला परिषद सदस्य देवयानी मुर्मू, पूर्णिमा कर्मकार की उपस्थिति में पांच दिव्यांग को ट्राई साइकिल प्रदान किया गया. मौके पर विभीषण नमता, सगुण बेसरा, सुग्धा मुर्मू, असीम आर्यन, विवेक रौत को ट्राईसाईकिल दिया गया. मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 1992 से संयुक्त राष्ट्र द्वारा दिव्यांग दिवस को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित किया जा रहा है.दिव्यांगों के प्रति सामाजिक भावनाओं को सुदृढ़ करने और उनके जीवन के तौर-तरीकों को और बेहतर बनाने के लिये हम सभी को संकल्प लेना चाहिए. उन्होने कहा कि दिव्यांगता शारीरिक अथवा मानसिक हो सकती है किन्तु सबसे बड़ी दिव्यांगता हमारे समाज की उस सोच में है जो दिव्यांग जनों से हीन भावना रखती है जिसके कारण एक दिव्यांग व्यक्ति असहज महसूस करता है.अब दिव्यांग लोगों के प्रति अपनी सोच को बदलने का समय आ गया है. दिव्यांगों को समाज की मुख्यधारा में तभी शामिल किया जा सकता है जब समाज इन्हें अपना हिस्सा समझे. इसके लिए एक व्यापक जागरूकता अभियान की जरूरत है.प्रखंड विकास पदाधिकारी ने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों को भी दिव्यांगो की मदद के लिए संचालित पेशन और अन्य योजनाओं की जानकारी दी और बताया कि प्रशासन द्वारा इसका सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया जा रहा है.



