
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के डोमजुड़ी गांव में खेती कार्य के लिए लगा ट्रांसफार्मर विगत कई दिनों से खराब होने से किसानों को फसल की सिंचाई करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. किसानों ने बहरागोड़ा के पूर्व विधायक सह भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी से मिलकर सिंचाई के लिए ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की मांग की थी. श्री षाड़ंगी ने किसानों की मांग पर डोमजुड़ी में नया ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध करवाया है. गांव में नया ट्रांसफार्मर पहुंचने से किसानों में हर्ष है. बताते चलें कि ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण खेत में पानी की किल्लत हो रही थी. पूर्व विधायक की पहल पर 63 केवीए का नया ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराया गया है. साथ ही जर्जर तार को भी बदल कर दुरुस्त किया गया है, ताकि लोगों को निर्बाध रूप से बिजली मिल सके. पूर्व विधायक श्री षाड़ंगी ने कहा कि पूरे बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र में 24 घंटे बिजली रहे इसके लिए वे लगातार प्रयासरत हैं. इसका फलाफल भी देखने को मिल रहा है. लोगों की समस्या का समाधान समय पर करने को वह तत्पर हैं. पूर्व विधायक स्थानीय लोगों से भी मिले और उनकी समस्याएं सुनी. खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मिल रहे चावल, सरकारी आवास आदि की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि कोई भी योग्य लाभुक लाभ लेने से वंचित न रहे, इसके लिए सामूहिक प्रयास हो रहा है. जरूरतमंदों को उनका हक पार्टी दिला रही है. इस दौरान सत्यवान बाड़ी, मलय बाड़ी, सुरकुना सिंह, गोपाल सिंह समेत अन्य लोग उपस्थित थे.




