जमशेदपुर : बोड़ाम प्रखंड अंतर्गत रसिक नगर डीपीईपी प्राइमरी स्कूल में मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया. अचानक स्कूल भवन की छत का प्लास्टर झड़ गया, जिससे एक बच्ची गंभीर रूप से जख्मी हो गई. जख्मी छात्रा जन्नतुन खातून (5 वर्ष) के सिर और पैर में चोटें आई हैं. घटना के समय अन्य सभी बच्चे मिडडे मिल खाने के लिए कमरे से बाहर निकल चुके थे, नहीं तो और भी बच्चों की जान को खतरा उत्पन्न हो सकता था।घटना की जानकारी मिलते ही मुखिया प्रतिनिधि सनातन लाया घटनास्थल पर पहुंचे और घायल बच्ची को उसके अभिभावक के साथ नजदीकी अस्पताल भेजा. इसके साथ ही बीईईओ प्रभाकर कुमार और बीडीओ किकू महतो को घटना की सूचना दी गई. (नीचे भी पढ़ें)

घायल बच्ची का इलाज पश्चिम बंगाल के बराबाजार स्थित सरकारी अस्पताल में कराया जा रहा है. डॉक्टरों ने सिर में गंभीर चोट के कारण उसका सीटी स्कैन कराने की सलाह दी है, जबकि पैर का एक्सरे कराया गया और बाद में छुट्टी दे दी गई. मुखिया प्रतिनिधि सनातन लाया ने बताया कि बीईईओ ने आश्वासन दिया है कि नए भवन के निर्माण तक डीपीईपी प्राइमरी स्कूल की कक्षाएं नजदीकी रसिकनगर उत्क्रमित प्लस टू हाई स्कूल में संचालित की जाएंगी, लेकिन यहां पहले से ही भवन की कमी है और एक भवन काफी समय से जर्जर अवस्था में पड़ा हुआ है. शिक्षिका नसीमा खातून ने बताया कि स्कूल भवन वर्षों से जर्जर स्थिति में है. मरम्मत के लिए कई बार आवेदन दिए गए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है, इससे पहले भी छत का प्लास्टर कई बार गिर चुका है, मगर उस दौरान कोई चोट नहीं लगी थी. लगातार बारिश के कारण इस बार छत पूरी तरह से डैमेज हो गई थी. फिलहाल घायल बच्ची का इलाज उसके अभिभावक करवा रहे हैं. प्रशासन से उम्मीद है कि जल्द ही समस्या का समाधान होगा.




