चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड के सोनाहातु पंचायत के आंधारिया गांव के पास धालभूमगढ़ -बेंद मुख्य सड़क पर गुरुवार की सुबह करीब तीन बजे चाकुलिया की तरफ से धालभूमगढ़ जा रहे आलू से लदा एक 12 चक्का ट्रक संख्या डब्लूबी 33बी9941 की टक्कर से सड़क किनारे दो लोगों का घर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है. इस घटना में दोनों परिवार के लोग बाल -बाल बच गए. वहीं ट्रक के धक्का से बिजली का एक खंभा टूट गया और चार खंभे क्षतिग्रस्त हो गये हैं इससे क्षेत्र में बिजली बाधित है. बिजली विभाग के कर्मचारी पहुंचे हैं. ट्रक के चालक और खलासी को भी चोट लगी है. मगर वे भागने में सफल रहे. घटना में किशुन हेंब्रम और रामसाई टुडू का घर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है. गनीमत रही कि हादसे में दोनों घर के लोग बाल बाल बच गए. (नीचे भी पढ़ें)

हालांकि घटना के वक्त रामसाईं टुडू और उनकी पत्नी सड़क के किनारे वाले कमरे में ही सो रहे थे. वहीं किशुन हेंब्रम और पार्वती हेंब्रम अपने दोनों बच्चों के साथ दूसरे कमरे में सो रहे थे. हादसे की आवाज सुनकर आस पास के लोग मौके पर पहुंच गए. घटना के बाद मुख्य सड़क करीब तीन घंटा जाम रहा. वाहनों की लंबी कतार लग गयी. ग्रामीणों ने इसकी सूचना मुखिया मोहन सोरेन को दी. मुखिया ने घटना की जानकारी थाना प्रभारी संतोष कुमार को दी. सूचना पाकर चाकुलिया थाना के एएसआई सुकलाल हांसदा और मुखिया घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली. घटना के बाद ट्रक का चालक और खलासी मुटुरखाम फुटबॉल मैदान की ओर भाग निकले. इस घटना से दोनों परिवारों को भारी नुकसान हुआ है.











