चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड की जिला परिषद सदस्य धरित्री महतो ने पूर्वी सिंहभूम जिला के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर प्रखंड की जल सहियाओं का लंबित मानदेय जल्द से जल्द भुगतान करने की मांग की है. ज्ञापन में जिला परिषद सदस्य ने उपायुक्त को अवगत कराया है कि प्रखंड की जलसहियाओं का मानदेय भुगतान पिछले एक साल से रुका हुआ है. (नीचे भी पढ़े)
इतना ही नहीं कुछ जल सहियाओं का मानदेय तो पिछले पैंतीस महीनों से लंबित है, जिसका भुगतान नहीं किया गया है. धरित्री महतो ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया है कि बांदना पर्व और सोहराय पर्व नजदीक हैं. ऐसे में बिना मानदेय के जल सहियाओं को अपने परिवार का जीवन यापन करने और पर्व मनाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने उपायुक्त से मानवीय आधार पर और पर्व-त्योहारों को देखते हुए प्रखंड की सभी जलसहियाओं के लंबित मानदेय का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर और जल्द से जल्द कराने की अपील की है ताकि वे आसानी से अपना जीवन चला सकें.











