गालूडीह: प्रकृति उपासना का पर्व करमा पूजा बुधवार को गालूडीह क्षेत्र में धूमधाम से मनाया गया. ग्रामीणों ने पूजा अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की. करम राजा की पूजा करने के लिए ग्रामीणों ने निर्जला उपवास रखा था. शाम को करम डाली को अखाड़ा स्थल पर स्थापित कर फल-फूल, जौ, धान और बालू के साथ की पूजा अर्चना की गयी. करमा पर्व को लेकर ग्रामीण गालूडीह इलाके में उत्सव का माहौल है.(नीचे भी पढे)
ग्रामीणों ने बताया कि करमा पूजा के दिन जंगल से करमा पेड़ की तीन डालियों को काटकर अखाड़े के बीचो-बीच स्थापित करते हैं. महिलाएं करम डाली की पूजा अर्चना के लिए ढोल एवं मांदर की थाप पर करमा गीत गाती हुई पूजा स्थल पहुंचतीं है. रातभर जागरण के साथ पारंपरिक वेशभूषा में गीत गाकर समुह नृत्य प्रस्तुत की जाती है. वहीं करम डाली लाने के दौरान युवक-युवतियां मांदर की थाप पर थिरकती नजर आयी. इसके साथ ही “आज तोरे करम राजा घरे-दुवारे कल तोरे करम राजा शंख लदीर पारे”, “इति इति जावा किया किया जावा” जैसे गानों से गांव-गांव गूंजता रहा. शुक्रवार को करमा डाली की पूजा कर विसर्जित किया जायेगा.














